बिहार: पितृपक्ष मेला 2026 में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम

Spread the love

बिहार: पितृपक्ष मेला 2026 में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, स्नान घाट और अन्य प्रमुख स्थानों पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अनुमंडल पदाधिकारी मसौढ़ी सहित संबंधित अधिकारियों को मेला अवधि के दौरान व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है।

स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है और श्रद्धालुओं से निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करने की अपील की गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए राय सूरजमल झुंझुनवाला धर्मशाला और एसएमडी कॉलेज, पुनपुन में व्यवस्था की गई है। एसएमडी कॉलेज परिसर में पार्किंग के साथ आवागमन के लिए ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

मेला परिसर में पुलिस शिविर और CCTV कैमरों के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। आपदा प्रबंधन टीम और क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी तैनात की गई हैं। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए मेडिकल टीम 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।

प्रशासन ने मेला क्षेत्र में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, निर्बाध बिजली और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क और सहायता शिविर बनाए गए हैं। बुजुर्ग श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सहायता के लिए स्वयंसेवकों के साथ व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गई है।