जमशेदपुर: बर्मामाइंस और आजादनगर में आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं, पुलिस जांच में जुटी

Spread the love

जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस और आजादनगर थाना क्षेत्रों में बुधवार को आत्महत्या की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में 35 वर्षीय राज उर्फ विनय पांडेय अपने कमरे में मृत पाए गए। वह कैलाश नगर स्थित क्वार्टर नंबर 41सी की पहली मंजिल पर अंजय कुमार के मकान में रहते थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के स्पष्ट कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित जीशू भवन के पास सामने आई। यहां शब्बीर खान के 18 वर्षीय पुत्र मो. वजीदुल्लाह खान की मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को टीएमएच के शीतगृह में रखवा दिया है।

पुलिस के अनुसार, वजीदुल्लाह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और पूर्व में भी उनके द्वारा जान देने का प्रयास किए जाने की जानकारी मिली है। दोनों मामलों में पुलिस आत्महत्या के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।