झारखंड: सरायकेला के मदन मोहन पब्लिक स्कूल को कक्षा 10वीं तक CBSE की मान्यता

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के शिक्षा क्षेत्र में मदन मोहन पब्लिक स्कूल को बड़ी उपलब्धि मिली है। सरायकेला स्थित स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE), नई दिल्ली से कक्षा 10वीं तक की मान्यता मिल गई है। स्कूल प्रबंधन के अनुसार, CBSE की ओर से इसकी आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

नेताजी सुभाष ग्रुप के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने बताया कि CBSE की टीम ने 3 जून को स्कूल का भौतिक निरीक्षण पूरा किया था। उनके अनुसार, निरीक्षण के दौरान स्कूल CBSE के निर्धारित मानकों पर खरा उतरा था। हालांकि, केंद्रीय पोर्टल में तकनीकी समस्या के कारण मान्यता पत्र जारी होने में समय लगा।

मदन मोहन पब्लिक स्कूल सितवांतो देवी महिला कल्याण संस्थान द्वारा संचालित है। प्रबंधन ने इस उपलब्धि के लिए स्कूल के प्राचार्य, प्रबंधक विभा सिंह, शिक्षकों और संस्थान के सदस्यों को बधाई दी।

प्रबंधन के अनुसार, स्कूल में फिलहाल करीब 2,200 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। स्कूल ने कक्षा 10वीं तक मान्यता प्राप्त की है और अगले एक वर्ष के भीतर कक्षा 12वीं तक की मान्यता लेने की योजना बताई गई है।

संस्थान ने भविष्य में ‘मदन मोहन’ नाम से अन्य बड़े शैक्षणिक संस्थान विकसित करने की भी योजना साझा की है। इनमें रांची में मेडिकल कॉलेज और पटना में विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। प्रबंधन का कहना है कि CBSE मान्यता मिलने से सरायकेला और आसपास के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को स्थानीय स्तर पर CBSE शिक्षा का विकल्प मिलेगा।