जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के दोमुहानी मरीन ड्राइव के पास गुरुवार तड़के करीब तीन बजे हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं। अन्य मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है। सभी चारों के कक्षा 12 के विद्यार्थी होने की जानकारी सामने आई है।


पुलिस और उपलब्ध रिपोर्टों के अनुसार, कार मरीन ड्राइव से गुजर रही थी, इसी दौरान सड़क किनारे खराब होकर खड़े एक ट्रेलर के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चारों उसमें फंस गए। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से गैस कटर के जरिए कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर बुधवार रात से खराब होकर सड़क किनारे खड़ा था। हादसे के कारणों और सड़क पर खड़े भारी वाहन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
हादसे की खबर के बाद शोक की लहर है। डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चारों मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लोगों से वाहन चलाते समय सावधानी बरतने, थकान या नींद की स्थिति में ड्राइविंग से बचने, सीट बेल्ट लगाने, गति नियंत्रित रखने और शराब या नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने की अपील की।
पुलिस फिलहाल हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

