झारखंड मौसम: कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट, तेज हवाओं की चेतावनी

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड में 25 सितंबर को मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मूसलधार बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सिस्टम और डीप डिप्रेशन के प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव आया है।

पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग और लातेहार समेत सात जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, जमशेदपुर में देर रात से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण मानगो, जुगसलाई, साकची और कदमा के निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।

बारिश के बीच स्वर्णरेखा और खरकई नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने जुगसलाई, बागबेड़ा, शास्त्रीनगर और भुइयांडीह जैसे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से खुले मैदान, जलस्रोत और ऊंचे पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है। अगले 24 से 48 घंटों तक कोल्हान समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहने का अनुमान है।