घाटशिला: हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की 59वीं वार्षिक आम बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित हुई। बैठक में कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन और उत्पादन से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी गई। सीएमडी सह चेयरमैन अनुपम मिश्रा ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का अयस्क उत्पादन 3.67 मिलियन टन रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में छह प्रतिशत अधिक है।


उन्होंने बताया कि मेटल-इन-कंसंट्रेट उत्पादन में भी नौ प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह बढ़कर 27,421 टन हो गया। कंपनी के अनुसार, यह पिछले सात वर्षों में सबसे अधिक उत्पादन स्तर है।
वित्तीय प्रदर्शन की जानकारी देते हुए बताया गया कि कंपनी का परिचालन राजस्व 49 प्रतिशत बढ़कर 3,077.92 करोड़ रुपये पहुंच गया। वहीं, कर पूर्व लाभ 95 प्रतिशत बढ़कर 1,232.73 करोड़ रुपये और कर पश्चात लाभ 97 प्रतिशत बढ़कर 920.67 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
एजीएम के दौरान शेयरधारकों ने 37.20 प्रतिशत यानी 1.86 रुपये प्रति शेयर लाभांश को मंजूरी दी। मार्च 2026 में दिए गए 20 प्रतिशत अंतरिम लाभांश को मिलाकर वित्त वर्ष के लिए कुल लाभांश 57.20 प्रतिशत हो गया है। कंपनी की अल्पकालिक क्रेडिट रेटिंग A1+ बनी हुई है।

