आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने RIT थाना और आदित्यपुर थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों थानों की दैनिक कार्यप्रणाली और पुलिसिंग व्यवस्था का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने स्टेशन डायरी, अपराध पंजिका और शस्त्रागार का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की स्थिति के साथ पिछले दिनों दर्ज विभिन्न मामलों के अनुसंधान की प्रगति की भी समीक्षा की। लंबे समय से लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान पदाधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण जांच पूरी करने और न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल करने का निर्देश दिया।
एसपी मनोज स्वर्गायारी ने अधिकारियों को अपराध की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी। उन्होंने दिन और रात की गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच चलाने और पुराने व पेशेवर अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग और जनसंवाद को भी प्राथमिकता देने की बात कही। एसपी ने निर्देश दिया कि थाने पहुंचने वाले आम नागरिकों, पीड़ितों और शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी तरीके से निवारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवा और बेहतर जनसंवाद के माध्यम से पुलिस एवं आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत किया जा सकता है।

