जमशेदपुर: गोलमुरी के ‘आरती ज्वेलर्स’ में रोशनदान काटकर लाखों की चोरी, बाजार बंद का आह्वान

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी मुख्य बाजार स्थित ‘आरती ज्वेलर्स’ में बीती देर रात अज्ञात चोर रोशनदान काटकर दुकान के अंदर घुस गए और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात व नकद लेकर फरार हो गए। सुबह दुकान खोलने पहुंचे मालिक प्रणव रॉय ने अंदर सामान बिखरा देखा और रोशनदान कटा हुआ पाया। उनके अनुसार, चोरों ने तिजोरी और काउंटर में रखे सोने-चांदी के गहनों को निशाना बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें। चोरी में कितने मूल्य के जेवरात और नकदी ले जाए गए, इसका विस्तृत आकलन किया जा रहा है।

यह घटना शहर में हुई केनरा बैंक डकैती के करीब 24 घंटे के भीतर सामने आई है। लगातार दो घटनाओं के बाद गोलमुरी बाजार के व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।

घटना के विरोध में गोलमुरी बाजार समिति के शंकर अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अगले दिन गोलमुरी बाजार बंद रखने का आह्वान किया। इस दौरान जसबीर सिंह पाटरी, सुखदेव सिंह मल्ली, अप्पा राव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।