आदित्यपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में हुई बैंक लूट की घटना के बाद पड़ोसी जिले सरायकेला-खरसावां की पुलिस सतर्क हो गई है। सीमावर्ती इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ आदित्यपुर एवं आरआईटी थाना क्षेत्र के विभिन्न बैंकों का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान एसपी ने बैंकों के सुरक्षा ऑडिट का जायजा लिया। बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, आपातकालीन अलार्म सिस्टम और निजी सुरक्षा गार्डों के हथियारों की जांच की गई। बैंक प्रबंधन और सुरक्षाकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
मीडिया से बातचीत में एसपी ने बताया कि एसडीपीओ और संबंधित थाना प्रभारियों के साथ बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है। सुरक्षा ऑडिट के दौरान बैंक अधिकारियों, सुरक्षा गार्डों और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
एसपी ने कहा कि यह रूटीन विजिट है, लेकिन हाल की घटना को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है। आरबीआई और पुलिस विभाग की सुरक्षा गाइडलाइंस के अनुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने शाखा प्रबंधकों को सुरक्षा मानकों में लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी। वहीं, बैंकों के आसपास लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश गश्ती दल को दिए गए हैं।
मौके पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर मौजूद रहे।

