सरायकेला: ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत 103 गुम और चोरी के मोबाइल बरामद, मालिकों को सौंपे गए

Spread the love

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट डिवाइस’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरआईटी थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बरामद गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सौंपे गए। महीनों बाद अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई।

कार्यक्रम में सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार और आरआईटी थाना प्रभारी रविकांत पाराशर मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि सितंबर माह में जिला पुलिस की तकनीकी शाखा और विभिन्न थानों के समन्वय से कुल 103 मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में भी मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए थे, लेकिन इस बार रिकॉर्ड संख्या में मोबाइल बरामद हुए हैं। उन्होंने अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।

एसपी ने कहा कि चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य अपराधों में किए जाने का खतरा रहता है। ऐसे मोबाइल जल्द बरामद होने से साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत भारत सरकार के CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक और ट्रैक किया जा सके।