घाटशिला: अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने पर भाजपा नेता ऋषि षाड़ंगी ने लगाया जान से मारने की धमकी का आरोप

Spread the love

घाटशिला: भाजपा नेता राहुल षाड़ंगी उर्फ ऋषि षाड़ंगी ने अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने के कारण गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है। जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि 26 सितंबर की शाम वह अपने मामा के साथ जमशेदपुर के पीएम मॉल स्थित बरिस्ता कैफे गए थे। वहां राकेश महंती समेत कुछ लोगों से उनकी मुलाकात हुई।

राहुल षाड़ंगी के आरोप के अनुसार, एक युवक ने विधायक के खिलाफ लिखने की बात को लेकर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद करीब 10 से 15 लोग वहां जुट गए और उन्हें घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध बालू कारोबार और लॉटरी के खिलाफ आवाज उठाने पर उन्हें जान से मारने तथा धारदार हथियार से हमला करने की धमकी दी गई।

भाजपा नेता ने कहा कि इस दौरान उनके परिवार को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गईं। उनके अनुसार, पूरी घटना कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और घटना से संबंधित विजुअल प्रशासन को उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और आदित्य साहू को दी गई, जिसके बाद बिष्टुपुर थाना में शिकायत की गई। साथ ही बरसोल थाना में आवेदन देकर अपने और परिवार की सुरक्षा की मांग की गई है। आवेदन में उन्होंने किसी भी नुकसान की स्थिति में नामजद लोगों को जिम्मेदार ठहराए जाने की मांग की है।

भाजपा नेता परेश मुंडा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि विपक्ष का काम सरकार की कमियों को उजागर करना है और धमकी देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में जिला मीडिया प्रभारी ब्रजेश सिंह, मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, सुभाष बनर्जी समेत अन्य नेता मौजूद थे।