पटमदा: 3 किमी सड़क पर 300 से अधिक गड्ढे, 10 हजार ग्रामीण परेशान; आवागमन बना जोखिम

Spread the love

पटमदा: लावा पंचायत में रहेरडीह मोड़ से गाड़ीग्राम और सिसदा होते हुए ओपो गांव तक करीब तीन किलोमीटर सड़क इन दिनों गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर 300 से अधिक बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे तीन पंचायतों के करीब 10 हजार ग्रामीणों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहनों को करीब 35 से 40 मिनट का समय लग रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले तीन-चार वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। बारिश के बाद सड़क की हालत और बिगड़ गई है। गहरे गड्ढों के कारण रात के समय वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार लोग रात में इन गड्ढों के कारण हादसे का शिकार भी हो चुके हैं।

लावा गांव के ग्राम प्रधान बृंदावन दास और ओपो गांव के ग्राम प्रधान खगेन्द्र नाथ सिंह ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर स्थानीय सांसद और विधायक से कई बार गुहार लगाई जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उनका कहना है कि गड्ढों के कारण रात में पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।

खराब सड़क का असर बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों की स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच पर भी पड़ रहा है। स्कूल आने-जाने वाले बच्चों के अलावा बीमार और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी होती है। पटमदा साप्ताहिक हाट के दिनों में आवागमन की समस्या और बढ़ जाती है। लगातार शिकायतों के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी है।