जमशेदपुर: अंडरग्राउंड रैप की दुनिया में भोजपुरी के जरिए पहचान बनाने वाले आदित्यपुर रोड नंबर-12 निवासी राज बाबू यानी रितिक राज MTV Hustle Season-5 के ग्रैंड फिनाले तक पहुंच गये हैं। रितिक ने बताया कि मुंबई और दिल्ली जैसे बड़े शहरों में भोजपुरी रैप को लेकर उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा। शुरुआत में वह हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी में रैप करते थे और MTV Hustle के ऑडिशन में कई बार प्रयास के बावजूद चयन नहीं हो सका। दोस्तों की सलाह पर उन्होंने भोजपुरी में रैप शुरू किया और उनके अनुसार इसी भाषा ने उन्हें शो तक पहुंचने में अहम भूमिका निभायी।


रितिक ने 2018 में जमशेदपुर हिप-हॉप टीवी से अपने सफर की शुरुआत की। 2021-22 में उन्होंने साइफर, बैटल और हिप-हॉप कार्यक्रमों के जरिए शहर के कलाकारों को मंच देने का काम किया। वर्ष 2023 में दिल्ली जाकर स्वतंत्र कलाकार के रूप में भोजपुरी रैप पर काम शुरू किया। 2024 में वह Spotify Rap 91 में प्रस्तुति देने वाले पहले एकल भोजपुरी रैप कलाकार बनने का दावा करते हैं। उनके एलबम ‘बयार’ को भी पहचान मिली।
इसके बाद रितिक का जुड़ाव टीवीएफ के ‘सेना: गार्डियंस ऑफ द नेशन’ और ‘शेर की दहाड़’ से हुआ। उन्होंने अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशानची भाग-2’ के गीत ‘खूंखार निशानची’ में भी सहयोग किया। वर्ष 2026 में ‘ग्राम चिकित्सालय-2’ में उनका गीत ‘21 रुपैया’ शुरुआती गीत के रूप में शामिल हुआ। MTV Hustle-5 में राज बाबू के भोजपुरी रैप को लेकर ऑनलाइन दर्शकों के बीच भी चर्चा देखने को मिली है। (Salda)
रितिक का पैतृक घर बिहार के रोहतास जिले के सासाराम में है। उनके पिता स्व. रितेश कुमार पत्रकार थे और मां प्रीति देवी गृहिणी हैं। रितिक अपने पिता की रचनात्मकता को प्रेरणा मानते हैं। उन्होंने भिखारी ठाकुर, विनोद ओझा और माधव निर्मल सहित कई साहित्यकारों की रचनाएं पढ़ी हैं।
संगीत को करियर बनाने वाले रितिक आज भी किराये के घर में रहते हैं और अपना घर व कार खरीदना उनका सपना है। उन्होंने जमशेदपुर समेत बिहार-झारखंड के लोगों से 5 अक्टूबर की शाम 7 बजे तक उनके लिए मतदान करने की अपील की है। उनके अनुसार, Jio ऐप या JioHotstar पर ‘Hustle Apna Homeground’ खोजकर मतदान किया जा सकता है और एक व्यक्ति 24 घंटे में अधिकतम 99 बार मतदान कर सकता है।

