जमशेदपुर: गोलमुरी केनरा बैंक डकैतीकांड में पांच संदिग्धों की तस्वीर जारी, तीन की पहचान

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी केनरा बैंक डकैतीकांड की जांच कर रही जमशेदपुर पुलिस ने पांच संदिग्धों की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से तीन संदिग्धों की नाम-पते के साथ पहचान कर ली गयी है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने लोगों से तस्वीरों में दिख रहे संदिग्धों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक, पहचाने गये संदिग्धों में पश्चिम बंगाल के रानीगंज निवासी अमन सिंह, बिहार के समस्तीपुर जिले के अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता निवासी प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार और पटना के गोसाई गांव निवासी अक्षय कुमार उर्फ साका शामिल हैं। पुलिस पहले ही पांचों संदिग्धों में से प्रत्येक के संबंध में सूचना देने पर दो-दो लाख रुपये इनाम की घोषणा कर चुकी है।

पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। जांच टीम दो अज्ञात संदिग्धों के नाम-पते की जानकारी जुटाने के साथ सभी संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केनरा बैंक में हथियारबंद पांच बदमाशों ने बैंक के गार्ड और कर्मचारियों को बंधक बनाकर करीब 42 लाख रुपये नकद और लगभग 33 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण लूट लिये थे। वारदात के बाद सभी बाइक से फरार हो गये थे। पूरी घटना बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तस्वीरें जुटायीं और तीन की पहचान की। मामले की जांच के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने 20 पुलिस पदाधिकारियों की विशेष जांच टीम (SIT) गठित की है। टीम संदिग्धों के संभावित ठिकानों, संपर्कों और फरारी के रास्तों की जानकारी जुटाते हुए गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है।