जमशेदपुर: गुलमोहर हाई स्कूल में शनिवार को हिंदी और अंग्रेजी भाषा की वाक्-कला (Elocution) प्रतियोगिता आयोजित की गयी। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी वक्तृत्व क्षमता, प्रभावशाली अभिव्यक्ति तथा आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। हिंदी प्रतियोगिता को अलग-अलग कक्षा वर्गों में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किये।


हिंदी प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 वर्ग में जानवी कुमारी, कक्षा 9 से 10 में दिशा डे और कक्षा 11 से 12 में रजनी कुमारी सिंह को सर्वश्रेष्ठ वक्ता चुना गया। निर्णायक मंडल में शिक्षा निकेतन हाई स्कूल के हिंदी विभाग के वरिष्ठ विभागाध्यक्ष रामाकांत पाठक और ए.डी.एल. सनशाइन स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका शिप्रा सिंह शामिल रहीं। प्रतियोगिता का संचालन हिंदी विभागाध्यक्ष संजू वर्मा के नेतृत्व में हुआ। इसमें माला सिंह, शशि भूषण पाठक, बबीता कुमारी, रिंकू कुमारी और आशा पांडेय ने सहयोग किया।
अंग्रेजी वाक्-कला प्रतियोगिता में EduVibes की संस्थापक एवं सीईओ स्वाति कंबोज तथा विधि एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी आस्था करण ने निर्णायक की भूमिका निभायी। कक्षा 6 से 8 वर्ग में आशी कुमारी, कक्षा 9 से 10 में प्रियांशी भट्टाचार्य और कक्षा 11 से 12 में पृथ्वीराज चौहान को सर्वश्रेष्ठ वक्ता का सम्मान मिला। प्रतियोगिता की प्रोसेस ओनर बैशाली दास गुप्ता रहीं।
विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा और उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, भाषा-कौशल, तार्किक अभिव्यक्ति और प्रभावी संवाद क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी बात स्पष्ट और प्रभावी ढंग से रखने का अवसर प्रदान किया।

