जमशेदपुर: जितिया पर्व पर शनिवार शाम मां के साथ सुवर्णरेखा नदी के गांधी घाट के पास स्नान करने गयीं दो सगी बहनें गहरे पानी में चली गयीं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से एक बच्ची पूनम को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरी बच्ची आयुषी उर्फ ज्योती तेज बहाव के बीच लापता हो गयी। दोनों समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की बेटियां बताई जा रही हैं।


जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें अपनी मां के साथ जितिया पर्व पर स्नान करने गांधी घाट के नीचे सुवर्णरेखा नदी में उतरी थीं। स्नान के दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं। बेटियों को नदी में जाते देख मां ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोग तत्काल बचाव के लिए नदी की ओर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की तत्परता से पूनम को नदी से बाहर निकाल लिया गया और उसे अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, आयुषी उर्फ ज्योती नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गयी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची की तलाश शुरू कराई। शाम होने के कारण अंधेरा बढ़ने और नदी में तेज बहाव के चलते तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। इसके बावजूद पुलिस, गोताखोर और स्थानीय लोग बच्ची की तलाश में जुटे हुए हैं। फिलहाल आयुषी का कोई पता नहीं चल पाया है।

