रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए सभी पदक विजेताओं, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी दल को बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और जज्बे से देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों के पीछे वर्षों का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष शामिल है।


मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में भारतीय महिला हॉकी टीम के ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2 अक्टूबर को फाइनल में चीन को 1-0 से हराकर एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीता। टीम ने 44 साल बाद यह खिताब अपने नाम किया।
हेमंत सोरेन ने कहा कि महिला हॉकी टीम की यह उपलब्धि झारखंड सहित पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। सलीमा टेटे झारखंड के सिमडेगा जिले की रहने वाली हैं और उनके नेतृत्व में टीम ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। स्वर्ण पदक के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए भी सीधे क्वालीफाई किया है।
मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में पदक जीतने और देश का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश के करोड़ों युवाओं को खेल के मैदान में आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेंगी।

