रांची: जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता जन सुराज के डिजिटल मीडिया मैनेजर का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

अनगड़ा (रांची): जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस हत्या, दुर्घटना समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के कुशीनगर निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता 26 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे। बताया गया है कि दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वह ट्रेन की पेंट्री कार की ओर गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया।

देवपालिक के लापता होने के बाद परिजनों और साथियों ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) में शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए थे। युवक की तलाश में मदद करने या उसके बारे में जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने की थी।

मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना पर अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।