आदित्यपुर:- सरायकेला-खरसावां जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने महिला सुरक्षा और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में प्रस्तावित महिला थाना को जल्द शुरू कराने की दिशा में पहल तेज कर दी है। वर्षों से लंबित इस महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर उतारने के लिए एसपी ने संबंधित फाइल की समीक्षा कर आवश्यक अनुमोदन हेतु पत्राचार की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।


शुक्रवार को आदित्यपुर स्थित एसपी कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान लोक आलोक न्यूज से बातचीत में एसपी ने बताया कि चांडिल थाना परिसर में ही महिला थाना संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में गृह विभाग द्वारा महिला थाना की स्वीकृति प्रदान कर दी गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अब तक इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। अब इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई तेज कर दी गई है।
एसपी निधि द्विवेदी ने कहा कि महिलाओं से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन, उनकी शिकायतों के संवेदनशील समाधान तथा उन्हें सहज न्याय उपलब्ध कराने के लिए महिला थाना की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही इस योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा, जिससे चांडिल अनुमंडल क्षेत्र की महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।
इधर, जियाडा भवन स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एसपी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। कई मामलों में उन्होंने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया।
वहीं एसपी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया गया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने गांव-गांव पहुंचकर महिलाओं और ग्रामीणों को उनके अधिकारों, नशे के दुष्प्रभावों तथा डायन-बिसाही जैसी कुप्रथा के विरुद्ध बने कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
एसपी ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाना और लोगों को कानून के प्रति सजग करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सामाजिक बुराइयों के खिलाफ इस तरह के अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।


