रामगढ़ : आगामी 21 जून 2026 को होने वाली नीट परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण व कदाचार मुक्त संचालन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।


उपायुक्त ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिले में नीट परीक्षा के लिए कुल तीन केंद्र बनाए गए हैं — केंद्रीय विद्यालय रामगढ़, केंद्रीय विद्यालय बरकाकाना और आर्मी पब्लिक स्कूल रामगढ़। उन्होंने केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की व्यवस्था समय रहते पूरी करने तथा अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश के लिए पर्याप्त कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
पुलिस प्रशासन को केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, दंडाधिकारियों व पुलिस बल की तैनाती तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। सभी अधिकारियों को परीक्षा से पहले केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने और परीक्षा के दिन समय से पहुंचकर निगरानी करने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की, रवींद्र कुमार गुप्ता, रीना कुजूर, कुमारी नीलम, संजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

