नई दिल्ली : आम जनता की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने लगा है। खाद्य वस्तुओं की कीमतों में आई तेजी के कारण मई महीने में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 3.93 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो अप्रैल में 3.48 प्रतिशत थी। यह आंकड़ा शुक्रवार को राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) ने जारी किया।


आंकड़ों के मुताबिक खाद्य महंगाई दर अप्रैल के 4.20 प्रतिशत से बढ़कर मई में 4.78 प्रतिशत हो गई। आभूषण, टमाटर, अदरक, किशमिश और मुनक्का की कीमतों में सबसे ज्यादा उछाल देखा गया, जबकि आलू, मटर, जीरा और वाहनों की कीमतें सबसे कम बढ़ीं।
महंगाई बढ़ने की एक बड़ी वजह ईंधन की कीमतें भी हैं। मई से अब तक पेट्रोल 7.4 प्रतिशत और डीजल 8.4 प्रतिशत महंगा हो गया है, जिससे माल ढुलाई खर्च बढ़ने के कारण अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो रहे हैं। इस बीच आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपना महंगाई अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया है, जिसके पीछे महंगा कच्चा तेल और बढ़ती उत्पादन लागत बताई गई है।

