बोकारो: पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 22 सितंबर 2026 को साइबर थाना का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जन शिकायतों, लंबित अनुसंधान और साइबर फ्रॉड से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को साइबर ठगी की घटना के बाद गोल्डन पीरियड में डायल 1930 पर तत्काल रिपोर्टिंग कराने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।


समीक्षा के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों को फ्रीज कराने से जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई करने और पीड़ितों को समय पर राशि वापस दिलाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही सक्रिय साइबर अपराधियों के खिलाफ छापेमारी और गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को समन्वय पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं पर ठोस कार्रवाई करने तथा साइबर मामलों के अनुसंधान में समन्वय, नेटग्रिड, MRM-GRM पोर्टल और तकनीकी शाखा की मदद लेने को कहा गया। डायल 1930 के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में साइबर अपराध से जुड़े कई मामलों में त्वरित कार्रवाई की गई है। मामलों में समयबद्ध अनुसंधान और पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने साइबर थाना में पुलिस निरीक्षक स्तर के दो अधिकारियों, पु.नि. मो. आजाद खान और पु.नि. पिंकु कुमार यादव की पदस्थापना की है। पुलिस का कहना है कि इससे साइबर फ्रॉड के जरिए खातों से ट्रांसफर की गई राशि की बरामदगी और पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।

