जमशेदपुर: जमशेदपुर मैनेजमेंट एसोसिएशन (JMA) ने नई दिल्ली में आयोजित AIMA नेशनल मैनेजमेंट कन्वेंशन 2026 में कैटेगरी III – लोकल मैनेजमेंट एसोसिएशंस में उपविजेता का स्थान हासिल किया। यह सम्मान पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान जेएमए की विभिन्न गतिविधियों और प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया है।


सम्मान के माध्यम से मैनेजमेंट डेवलपमेंट, प्रोफेशनल लर्निंग, इंडस्ट्री-एकेडेमिया एंगेजमेंट, नॉलेज शेयरिंग और मैनेजमेंट प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में जेएमए की पहलों को मान्यता दी गई। वित्तीय वर्ष के दौरान संगठन ने कई कार्यक्रमों का आयोजन किया, जिनमें इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स, मैनेजर्स, विद्यार्थियों और शैक्षणिक संस्थानों को एक मंच पर लाया गया।
जेएमए के प्रेसिडेंट एवं टाटा स्टील, जमशेदपुर के वाइस प्रेसिडेंट-ऑपरेशंस चैतन्य भानु ने कहा कि यह सम्मान जेएमए के सदस्यों, प्रबंध समिति, कॉरपोरेट पार्टनर्स और शैक्षणिक संस्थानों के सामूहिक प्रयासों की पहचान है। उन्होंने कहा कि विभिन्न पहलों के माध्यम से कॉरपोरेट और शिक्षा जगत के बीच सहयोग को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
जेएमए के अनुसार, राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह सम्मान बेहतर मैनेजमेंट, नेतृत्व क्षमता और प्रोफेशनल विकास को बढ़ावा देने के लिए संगठन के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करता है। जेएमए एक प्रोफेशनल मैनेजमेंट एसोसिएशन है, जो नॉलेज शेयरिंग, इंडस्ट्री इंटरैक्शन, मैनेजमेंट प्रतियोगिताओं और इंडस्ट्री-एकेडेमिया पहल के माध्यम से बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देता है। यह AIMA से संबद्ध है।

