जमशेदपुर: दुर्गापूजा को लेकर विधायक पूर्णिमा साहू ने डीसी को लिखा पत्र, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: आगामी दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की विधायक पूर्णिमा साहू ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और देर रात तक पंडाल भ्रमण को देखते हुए प्रशासन, नगर निकाय, पुलिस-प्रशासन, टाटा स्टील एवं अन्य संबंधित प्रबंधनों के बीच बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां कराने का आग्रह किया है।

विधायक ने प्रमुख पूजा पंडालों, मंदिरों, बाजारों और संपर्क मार्गों पर साफ-सफाई, जलजमाव वाले क्षेत्रों में एंटी लार्वा केमिकल और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव तथा पंडालों के पास गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था की मांग की। पूजा मार्गों के गड्ढों की मरम्मत, ट्रैफिक रूट प्लान, पार्किंग और नो-एंट्री की समय-सारणी पहले जारी करने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग और सीसीटीवी निगरानी का भी सुझाव दिया।

पत्र में खुले नालों और मेनहोल को ढकने, बिजली के जर्जर तार दुरुस्त करने, स्ट्रीट एवं हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था, अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर और बैकअप की मांग की गई है। साथ ही प्रमुख क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल, चलंत शौचालय, 24 घंटे मेडिकल कैंप, चिकित्सक, दवाइयां और एंबुलेंस उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील मार्गों पर अग्निशमन वाहनों की तैनाती का आग्रह किया गया है।

विसर्जन को लेकर नदी घाटों की सफाई, समतलीकरण, रोशनी और बैरिकेडिंग के साथ गोताखोर, जीवनरक्षक नौकाएं, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।