बोड़ाम: स्काउट-गाइड प्रशिक्षण में विद्यार्थियों ने कम संसाधनों में बनाए विभिन्न व्यंजन

Spread the love

बोड़ाम: राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय, पटमदा में चल रहे स्काउट-गाइड प्रशिक्षण के तीसरे दिन गुरुवार को विद्यार्थियों ने कम संसाधनों में विभिन्न व्यंजन तैयार कर आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता और टीम भावना का प्रदर्शन किया। अलग-अलग टीमों में बंटे विद्यार्थियों ने उपलब्ध सामग्री का बेहतर इस्तेमाल करते हुए भोजन और पकवान तैयार किए।

टीम रोज ने केक, सैंडविच, झालमूड़ी और चना मसाला, टीम सनफ्लावर ने चाय, निमकी, सूजी पीठा, आलू पराठा और चना सब्जी, जबकि टीम लूट्स ने ब्रेड चॉप, पकौड़ा, पूरी और सब्जी तैयार की। अन्य टीमों के विद्यार्थियों ने भी अलग-अलग व्यंजन बनाकर अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।

गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, समय प्रबंधन और सीमित संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल की क्षमता विकसित करना था। विद्यार्थियों ने भोजन तैयार करने से लेकर उसकी प्रस्तुति तक की प्रक्रिया स्वयं पूरी की।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अनुशासन और शारीरिक गतिविधियों के साथ विभिन्न परिस्थितियों का सामना करने के लिए आत्मनिर्भर और जिम्मेदार बनाता है। उन्होंने बताया कि ऐसी गतिविधियों से रचनात्मकता, सहयोग, नेतृत्व और समस्या-समाधान की क्षमता विकसित होती है।

प्रशिक्षक नरेश कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। मौके पर सुबोध प्रसाद सिंह, भारती कुमारी, तानिया सिंह, दिनेश अधिकारी, तुलसी महतो, अनीता मुर्मू, अल्पा रोशनी बाखला, अभिजीत पाल, राजकुमार महतो और हर्षित डेनियल जोसेफ समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को आनंददायक और जीवनोपयोगी बताया।