गालूडीह: गोलमुरी बैंक लूट के बाद पुतड़ू टोल प्लाजा पर पुलिस की सघन जांच, वाहनों की तलाशी

Spread the love

गालूडीह: जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई लूट के बाद पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों पर चौकसी बढ़ा दी है। अपराधियों के संभावित भागने वाले रास्तों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में गालूडीह थाना क्षेत्र के पुतड़ू टोल प्लाजा पर पुलिस ने जांच अभियान तेज कर दिया है।

घाटशिला के एसडीपीओ विकास आनंद लागुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही है। गालूडीह थाना प्रभारी अंकु कुमार भी जवानों के साथ मौके पर तैनात हैं। जमशेदपुर और अन्य इलाकों से आने-जाने वाले वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है।

पुलिस टीम बस, कार और मोटरसाइकिल समेत विभिन्न वाहनों की जांच कर रही है। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस की कोशिश है कि यदि लूट में शामिल अपराधी जिले से बाहर निकलने के लिए किसी मार्ग का इस्तेमाल करें, तो उनकी पहचान कर रास्ते में ही कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि गुरुवार को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक खुलते ही करीब पांच हथियारबंद अपराधियों के पहुंचने की सूचना सामने आई थी। अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाकर बैंक से सोना और बड़ी मात्रा में नकदी लूट ली और फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने संभावित भागने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुतड़ू टोल प्लाजा पर भी आने-जाने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है और अधिकारियों के निर्देश पर संदिग्ध वाहनों व लोगों की जांच की जा रही है।