रांची। सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग (सी-डैक), पटना और सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू) के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), साइबर सिक्योरिटी, एडवांस्ड कंप्यूटिंग तथा क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग स्थापित करने पर सहमति बनी है। इस संबंध में गुरुवार को सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विस्तृत चर्चा की।


बैठक में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, कुलसचिव प्रो. श्रीधर डांडिन तथा सी-डैक पटना के सेंटर हेड अभिनव दीक्षित और प्रतिनिधि साकेत कुमार झा शामिल हुए। बैठक के उपरांत तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोगात्मक पहल को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की गई।
सी-डैक देशभर के विभिन्न शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के साथ नवाचार, उन्नत प्रौद्योगिकी और उद्योग-केंद्रित विषयों पर सहयोग स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में सरला बिरला विश्वविद्यालय का चयन किया गया है। इस साझेदारी के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को एआई, साइबर सुरक्षा और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में प्रशिक्षण, अनुसंधान परियोजनाओं और कौशल विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।
सी-डैक के विभिन्न केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुखी अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। इससे छात्रों की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की तकनीकी परियोजनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति श्री बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस सहयोग पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगी।

