धनबाद: कोल इंडिया के 1.96 लाख गैर-कार्यकारी कर्मियों का PLR तय, इस साल मिलेंगे 1.10 लाख रुपये

Spread the love

धनबाद: कोल इंडिया के करीब 1.96 लाख गैर-कार्यकारी कर्मियों के वर्ष 2026 के सालाना बोनस यानी प्रदर्शन आधारित पुरस्कार (PLR) की राशि 1,10,250 रुपये तय हो गई है। शुक्रवार को कोल इंडिया मुख्यालय, कोलकाता में हुई एपेक्स जेसीसी की बैठक में प्रबंधन और यूनियन के बीच इस राशि पर सहमति बनी। यूनियन ने 1.20 लाख रुपये PLR की मांग की थी, जबकि प्रबंधन की ओर से 1.08 लाख रुपये का प्रस्ताव रखा गया था। चर्चा और कैलकुलेशन के बाद 1,10,250 रुपये पर अंतिम सहमति बनी।

एक अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार कोल इंडिया में 1,96,753 गैर-कार्यकारी कर्मचारी कार्यरत हैं। पिछले वर्ष इन कर्मचारियों को 1,03,000 रुपये PLR मिला था। इस तरह इस वर्ष PLR में पिछले साल की तुलना में 7,250 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

बैठक सुबह 11.30 बजे कोल इंडिया चेयरमैन बी. साईराम की अध्यक्षता में शुरू हुई। प्रबंधन ने ऑक्यूपेशनल सेफ्टी, हेल्थ एंड वर्किंग कंडीशंस (OSH) Code-2020 पर प्रस्तुति दी। लंच के बाद करीब तीन बजे बैठक दोबारा शुरू हुई, जिसमें PLR का कैलकुलेशन किया गया।

बैठक में बीएमएस से केएल रेड्डी, एचएमएस से हरभजन सिंह सिद्धू, सीटू से डी.डी. रामानंदन और एटक से लखनलाल महतो शामिल हुए। प्रबंधन की ओर से निदेशक मार्केटिंग सह प्रभारी निदेशक मानव संसाधन मुकेश चौधरी और निदेशक वित्त मुकेश अग्रवाल मौजूद रहे। पिछले वर्ष प्रक्रिया में शामिल इंटक को इस बार बैठक में आमंत्रित नहीं किया गया था। प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर इंटक ने कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।

कोल इंडिया के गैर-कार्यकारी कर्मियों का PLR 2020 में 68,500 रुपये से बढ़कर 2026 में 1,10,250 रुपये हो गया है। निर्धारित नियमों के अनुसार, एक अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए करीब 8,351 कर्मियों को भी PLR का लाभ मिलने की बात कही गई है। इसके अलावा सिंगरैनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (SCCL) के करीब 32 हजार कर्मियों के लिए भी PLR का प्रावधान है।