जमशेदपुर: निशार सल्लोकी हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अशोक सिंह रायब को भेजा गया सरायकेला जेल

Spread the love

जमशेदपुर: युवा कारोबारी निशार सल्लोकी की हत्या के मामले में मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे अशोक सिंह रायब को एमजीएम अस्पताल से सीधे सरायकेला जेल भेज दिया गया। अशोक सिंह रायब 12 सितंबर से सरायकेला सदर अस्पताल में इलाजरत था। सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से जांच के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था।

एमजीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद पाया कि अशोक सिंह रायब को अस्पताल में भर्ती रखने की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद उसे अस्पताल से सरायकेला जेल भेज दिया गया। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में रहेगा।

इस पूरे मामले में सरायकेला सदर अस्पताल में उसके इलाज और भर्ती की प्रक्रिया भी जांच के दायरे में आ गई है। जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितेश कुमार सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि अशोक सिंह रायब को सदर अस्पताल में इतने दिनों तक किस चिकित्सकीय आधार पर भर्ती रखा गया और बाद में उसे एमजीएम अस्पताल रेफर करने की प्रक्रिया क्या रही।

प्रशासन यह भी जांच करेगा कि सदर अस्पताल में भर्ती कराने से लेकर एमजीएम रेफर किए जाने तक की पूरी मेडिकल प्रक्रिया नियमानुसार हुई थी या नहीं। अस्पताल में भर्ती रहने की व्यवस्था का किसी तरह गलत इस्तेमाल तो नहीं हुआ, इस पहलू को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, अशोक सिंह रायब से जेल में मुलाकात की अवधि भी दो दिनों के लिए रोक दी गई है। प्रशासन की जांच के बाद ही अस्पताल में उसके इलाज और रेफर किए जाने से जुड़े पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।