गिरिडीह: कमल का फूल तोड़ने गए दो 13 वर्षीय बच्चों की तालाब में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

Spread the love

गिरिडीह: जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के रानीखावा गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में डूबने से दो 13 वर्षीय बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हार्दिक रजक और प्रेम रजक के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे सड़क किनारे स्थित एक तालाब में कमल का फूल लेने गए थे। बताया जा रहा है कि तालाब के गहरे हिस्से में जाने के दौरान दोनों अचानक पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने घटना की जानकारी तुरंत ग्रामीणों को दी।

सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

एक साथ दो बच्चों की मौत की खबर से रानीखावा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में गम का माहौल है।