हजारीबाग: चोपारण में युवक की मौत संदिग्ध, मां ने बहू पर हत्या की साजिश का लगाया आरोप

Spread the love

हजारीबाग: चोपारण थाना क्षेत्र के मालीकाना गांव में 41 वर्षीय वसीम उर्फ डब्ल्यू अंसारी की मौत का मामला अब संदिग्ध हो गया है। मृतक की मां ने इस घटना को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए बहू और उसके कथित साथी पर साजिश कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के अनुसार, वसीम अंसारी 2 जून की रात घर लौटे थे। उस दौरान उन्होंने अपनी मां को बताया कि उनके साथ मारपीट की गई है और उन्हें किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कराया गया है। इसके कुछ ही समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें हजारीबाग सदर अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की मां मेहरून निशा ने चोपारण थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी बहू शहजाहां खातून और अमित कुमार को नामजद आरोपी बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों ने मिलकर उनके बेटे को रास्ते से हटाने की साजिश रची, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शहजाहां खातून और अमित कुमार के बीच पिछले लगभग दो वर्षों से संबंधों की चर्चा गांव में रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच लगातार संपर्क था, जिससे मामला और अधिक चर्चा में आ गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए चोपारण थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और बिना पुष्टि किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जाएगा।

फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला हत्या है, आत्महत्या या किसी अन्य परिस्थिति का परिणाम।