रांची: RIMS-2 निर्माण परियोजना को लेकर प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को पिठोरिया थाना परिसर में परियोजना से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।


बैठक की अध्यक्षता डीएसपी अमर कुमार पांडेय एवं इंस्पेक्टर आशीष कुमार मोदी ने की। इसमें पिठोरिया थाना क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान RIMS-2 परियोजना से जुड़े स्थानीय मुद्दों, संभावित समस्याओं तथा प्रशासनिक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना से संबंधित सभी मुद्दों का समाधान आपसी संवाद के माध्यम से किया जाएगा।
अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे ग्रामीणों की समस्याएं और सुझाव प्रशासन तक पहुंचाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में सहयोग करें।
बैठक में हेंदूर, मलसारिंग, चांदवे, पिठोरिया, राधा, इंचपुरी, उपकोनकी और कोकदारो पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि राज्य सरकार RIMS-2 परियोजना को स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बता रही है, जबकि कुछ ग्रामीणों एवं किसानों द्वारा भूमि अधिग्रहण को लेकर आपत्ति भी दर्ज कराई जा रही है। ऐसे में प्रशासन लगातार संवाद के माध्यम से सहमति बनाने और विवाद की स्थिति को टालने का प्रयास कर रहा है।

