**सरायकेला: सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा बैठक, डीसी ने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश**

Spread the love

सरायकेला-खरसावां: सामाजिक सुरक्षा विभाग की एक समीक्षा बैठक मंगलवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने की। इस दौरान विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना तथा प्रायोजन योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण नियमों के अनुरूप त्वरित गति से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभुकों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं से जोड़ा जाए तथा स्वीकृत लाभुकों को नियमित रूप से सहायता राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

प्रायोजन योजना की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों का विभागीय प्रावधानों के अनुसार शीघ्र निष्पादन करने तथा पात्र बच्चों को योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर लाभुकों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए।

झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लंबित लाभुक सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही सत्यापन प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्याओं एवं अन्य बाधाओं की जानकारी तत्काल विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।

उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO), महिला सुपरिंटेंडेंट (LS) सहित सामाजिक सुरक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।