हजारीबाग में वंदे भारत से टकराई लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, बड़ा हादसा टला; 41 मिनट लेट पहुंची ट्रेन

Spread the love

हजारीबाग: शुक्रवार को रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर अचानक लकड़ी से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंच गई। ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को देखकर ट्रेन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक वंदे भारत उससे टकरा गई।

टक्कर के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात रही कि ट्रेन में सफर कर रहे किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

टक्कर में वंदे भारत एक्सप्रेस के कुछ हिस्सों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। हालांकि, ट्रेन को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची। रेलवे की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचने के पीछे किसकी लापरवाही थी और सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक हुई या नहीं।

हादसे का असर ट्रेन परिचालन पर भी पड़ा। जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 41 मिनट की देरी से हजारीबाग स्टेशन पहुंची। रेलवे अधिकारी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।