चक्रधरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना क्षेत्र के जनता गांव में महिला की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला था। पुलिस ने मृतका के पति चैतन गिलुवा उर्फ मोटू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।


पुलिस के अनुसार, 15 जून को चैतन गिलुवा अपनी पत्नी राइमुनी सरदार और डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ नलिता मेला देखकर घर लौटा था। घर पहुंचने के बाद किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर राइमुनी घर छोड़कर पास के जंगल की ओर चली गई। आरोप है कि चैतन भी उसके पीछे जंगल पहुंच गया, जहां दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई।
जांच में खुलासा हुआ कि गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद खुद को बचाने के लिए आरोपी ने शव को पेड़ से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। अगले दिन उसने ग्रामीणों को सूचना दी कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
हालांकि घटना की परिस्थितियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी प्रमाणों और पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

