जामताड़ा में स्कूली बच्चों से भरे टेंपो को ट्रक ने मारी टक्कर, कई घायल, एक की हालत गंभीर

Spread the love

जामताड़ा: जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलटांड़ गांव के पास शनिवार को जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG-0598 में कई स्कूली बच्चे सवार थे। बेलटांड़ गांव के समीप सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई।

हादसे में घोसको गांव निवासी 8 वर्षीय पियूष कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया। अन्य घायल बच्चों का स्थानीय अस्पताल में उपचार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार ट्रक चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा और स्कूल वाहनों की निगरानी को लेकर चिंता जताई है तथा प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।