सरायकेला/जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईडीटीआर (IDTR) जमशेदपुर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।


इस अवसर पर आईडीटीआर के महाप्रबंधक (जीएम) रवीन्द्र कुमार ने कहा कि “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ रहकर ही व्यक्ति अपने परिवार, समाज और देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकता है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।
उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। साथ ही संतुलित एवं पौष्टिक खान-पान अपनाने की भी सलाह दी ताकि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजयोग सेवा केंद्र की बीके सुधा ने योग के महत्व और उसके सकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं भारतीय चिकित्स परिषद के सचिव डी.के. सिंह ने बिना दवा के एक्यूप्रेशर के माध्यम से विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से राहत पाने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन सरोज कुमार चौधरी ने किया। इस अवसर पर आईडीटीआर के प्रशासक अंजन कुंडू, वाई.के. कांत, बहादूर हांसदा, रामबाबू वर्मा, राजकुमार वर्मा, एस. गुहा, सुशील मिश्रा, ओ.पी. पांडेय, ज्योति रजक, प्रियंका, हिमांशु शेखर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नियमित योग अभ्यास के माध्यम से स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया गया।

