जामताड़ा में आदिवासी वोटरों के नाम हटाने के आरोप पर इरफान अंसारी का पलटवार, BJP पर साधा निशाना

Spread the love

जामताड़ा: मतदाता सूची से आदिवासी मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोप को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जामताड़ा को राजनीतिक निशाना बना रही है और मतदाता सूची के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।

इरफान अंसारी ने कहा कि यदि बाबूलाल मरांडी को आदिवासियों, दलितों और झारखंड के लोगों की इतनी चिंता है तो उन्हें भाजपा छोड़ देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासियों और मूलवासियों के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। मंत्री ने कहा कि उनके रहते किसी आदिवासी, दलित या मुस्लिम का नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश सफल नहीं होने दी जाएगी।

SIR को लेकर भी मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठ के नाम पर लोगों के बीच डर का माहौल बनाया जा रहा है। अस्पताल में भाजपा नेताओं के धरने के दौरान कथित तोड़फोड़ का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे इलाज प्रभावित हुआ और एक आदिवासी व्यक्ति की मौत हो गई।

अंसारी ने बाबूलाल मरांडी से नफरत की राजनीति छोड़कर भाईचारे की बात करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जामताड़ा में गलत बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राजनीतिक आरोपों का जवाब दिया जाएगा।