पलामू में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2520 बोतल शराब जब्त; दो गिरफ्तार

Spread the love

पलामू: अवैध शराब के खिलाफ पलामू पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पड़वा थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब के साथ कार, मोबाइल फोन और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पड़वा थाना क्षेत्र में सदाबह नदी पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की मैग्नेट कार संख्या JH01EZ-7099 को रोककर तलाशी ली गई। कार से कुल 2520 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से चालक शहीद अंसारी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी निरंजन कुमार मेहता की जानकारी जुटाई और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, निरंजन के घर से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।

जब्त शराब में 2304 बोतल रॉयल स्टैग 180 एमएल, 72 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व B7 375 एमएल और 144 बोतल स्टर्लिंग रिजर्व B7 180 एमएल शामिल हैं। पुलिस ने कार और एंड्रॉयड मोबाइल भी जब्त किया है।

मामले में उत्पाद अधिनियम समेत संबंधित धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने लोगों से अवैध शराब के कारोबार से दूर रहने और इसकी सूचना पुलिस को देने की अपील की है।