जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के सुवर्णरेखा नदी स्थित गांधी घाट पर शनिवार शाम मोबाइल से वीडियो (रील) बनाने के दौरान तेज बहाव में बही 13 वर्षीय पूनम कुमारी उर्फ पूजा का शव रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने नदी से बरामद कर लिया। एसडीओ अर्णव मिश्रा के निर्देश पर खोजबीन के लिए गोताखोरों की टीम को मौके पर भेजा गया था। साकची, मानगो और सीतारामडेरा थाना प्रभारियों की मौजूदगी में गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू की।


करीब 45 मिनट की खोजबीन के बाद सुबह लगभग 9.30 बजे बच्ची का शव घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर निर्माणाधीन पुल के पास पानी के नीचे एक बड़े चट्टान के बीच फंसा मिला। गोताखोरों के अनुसार, बच्ची का हाथ हल्का दिखाई देने के बाद दो गोताखोर पानी के भीतर पहुंचे और शव को बाहर निकाला।
पूनम के साथ नदी के तेज बहाव में बही आयुषी उर्फ ज्योति को पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। उसका एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है। पूनम का शव मिलने के बाद मां राखी देवी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। हालांकि, परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से प्रशासन से मना करने की बात कही है। पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
घटना की सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी गांधी घाट पहुंचे और खोजबीन में जुटे स्थानीय गोताखोरों को आर्थिक सहायता दी। वहीं, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बच्ची की मौत पर शोक जताया और ऐसी घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की। उन्होंने एमजीएम अस्पताल में इलाजरत दूसरी बच्ची के बेहतर इलाज की बात भी कही।

