जमशेदपुर: ब्लड सेंटर कर्मचारियों को मिलेगा 18 प्रतिशत बोनस, अधिकतम 1.15 लाख रुपये तक भुगतान

Spread the love

जमशेदपुर: दुर्गापूजा से पहले जमशेदपुर ब्लड सेंटर के कर्मचारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 के बोनस की घोषणा की गई है। शनिवार को जमशेदपुर ब्लड सेंटर प्रबंधन और हॉस्पिटल इंप्लाइज यूनियन के बीच बोनस समझौते पर हस्ताक्षर हुए। समझौते के तहत कर्मचारियों को बेसिक और डीए का 18 प्रतिशत बोनस दिया जाएगा। कर्मचारियों को अधिकतम 1,15,722 रुपये और न्यूनतम 80,603 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे। बोनस की राशि सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

समझौते के अनुसार पे-रोल पर मौजूद सभी स्थायी और अस्थायी पूर्णकालिक कर्मचारी बोनस के पात्र होंगे। हालांकि, वित्तीय वर्ष के दौरान जिन कर्मचारियों की उपस्थिति 30 दिनों से कम रही है, उन्हें बोनस का लाभ नहीं मिलेगा। बोनस की राशि कर्मचारियों के बेसिक और डीए के आधार पर निर्धारित की गई है।

बोनस समझौते पर प्रबंधन की ओर से चेयरपर्सन डॉ. विनिता सिंह, डिप्टी चेयरमैन डॉ. शरद कुमार, मानद कोषाध्यक्ष मुकेश जाटिया, संयुक्त मानद सचिव रवींद्र दुग्गर और एचआर प्रतिनिधि कपिल पांडेय ने हस्ताक्षर किए।

वहीं, हॉस्पिटल इंप्लाइज यूनियन की ओर से अध्यक्ष बीके डिंडा, सचिव सुदीप दत्ता और उपाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौते के बाद यूनियन ने मानवता की सेवा के उद्देश्य से जमशेदपुर ब्लड सेंटर में उच्चस्तरीय सेवाओं को लगातार बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बोनस समझौते से कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। प्रबंधन और यूनियन के बीच हुए इस समझौते के तहत पात्र कर्मचारियों को तय प्रक्रिया के अनुसार बोनस की राशि उनके बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।