जमशेदपुर: हलुदबनी में पहली बार 108 मुख और 121 हाथों वाली 12 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा

Spread the love

जमशेदपुर: परसुडीह के हलुदबनी में इस बार दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को मां दुर्गा का अनोखा स्वरूप देखने को मिलेगा। श्री श्री शिव मंदिर दुर्गा पूजा प्रबंधक समिति की ओर से करीब 12 फीट ऊंची 108 मुख और 121 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार कराई जा रही है। वर्ष 1972 से हलुदबनी में दुर्गापूजा का आयोजन हो रहा है, लेकिन समिति पहली बार इस स्वरूप की प्रतिमा बनवा रही है।

प्रतिमा निर्माण के लिए बंगाल से आए कारीगर लगातार काम में जुटे हैं। मुख्य प्रतिमा के पीछे मां दुर्गा के 108 मुख और 121 हाथों का विशाल स्वरूप तैयार किया जा रहा है। प्रतिमा को आकर्षक रूप देने के लिए निर्माण और सजावट का काम तेजी से चल रहा है।

इस बार पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा के अलावा भगवान गणेश की कथा को भी अलग अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। पंडाल में अलग-अलग प्रतिमाओं के माध्यम से भगवान गणेश के विनायक से गजानन बनने तक की कथा को दिखाया जाएगा। समिति के अनुसार, इस विशेष प्रतिमा के स्वरूप की प्रेरणा गोरखपुर से मिली थी।

प्रेरणा मिलने के बाद समिति ने हलुदबनी में पहली बार 108 मुख और 121 हाथों वाली मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार कराने का निर्णय लिया। प्रतिमा के निर्माण में जुटे कारीगर इसे अंतिम रूप देने में लगातार काम कर रहे हैं।

दुर्गापूजा शुरू होने से पहले ही इस अनोखी प्रतिमा को लेकर परसुडीह और हलुदबनी के श्रद्धालुओं में उत्साह है। समिति के अनुसार, पूजा शुरू होने तक प्रतिमा और पंडाल की तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।