रांची: राजधानी में प्रस्तावित अरगोड़ा चौक-चापुटोली, हरमू और करमटोली-चिरौदी फ्लाइओवर परियोजनाओं के लिए चयनित कंपनियों को अब तक कार्यादेश जारी नहीं किया गया है। मामला करीब एक माह से लंबित बताया जा रहा है। सितंबर की शुरुआत में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कंपनियों को एल-1 के रूप में चुना गया था। इसके बाद स्टेट हाइवे अथॉरिटी ऑफ झारखंड की ओर से रेट नेगोशिएशन की प्रक्रिया चल रही है। बताया जा रहा है कि करीब तीन माह से चल रही नेगोशिएशन प्रक्रिया में अब तक सहमति नहीं बन सकी है। इसके कारण निर्माण कार्य शुरू होने में और समय लग सकता है।


अरगोड़ा चौक पर चारों ओर राउंड एबाउट फ्लाइओवर का निर्माण प्रस्तावित है। इसकी कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी और परियोजना के लिए 223.14 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। फ्लाइओवर हरमू रोड में काव्स रेस्टोरेंट के पास से शुरू होकर डिबडीह ब्रिज से पहले तक बनाया जाना है। इसके अलावा अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ की ओर चापुटोली और अशोक नगर रोड नंबर-3 तक भी इसका विस्तार प्रस्तावित है।
हरमू फ्लाइओवर सहजानंद चौक के पहले से शुरू होकर हरमू रोड और रातू रोड को पार करते हुए कांके रोड स्थित जज कॉलोनी तक बनाया जाना है। इसकी लंबाई करीब 3.5 किलोमीटर होगी। परियोजना के लिए 326.61 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था।
वहीं, करमटोली फ्लाइओवर का निर्माण साइंस सिटी चिरौदी तक प्रस्तावित है। इसकी कुल लंबाई 3.216 किलोमीटर होगी। इसमें 2.7 किलोमीटर मुख्य फ्लाइओवर और मोरहाबादी के लिए 0.52 किलोमीटर का लिंक रोड शामिल होगा। लिंक रोड का इस्तेमाल मोरहाबादी मैदान और स्टेडियम की ओर से आने वाले लोग कर सकेंगे। इस परियोजना के लिए 351 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था।
तीनों परियोजनाओं का उद्देश्य राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़ा है। हालांकि, कार्यादेश जारी होने में हो रही देरी के कारण परियोजनाओं के धरातल पर उतरने में फिलहाल और समय लगने की संभावना है।

