जमशेदपुर: MGM मेडिकल कॉलेज में 2026 बैच के छात्रों से कथित रैगिंग, जांच शुरू

Spread the love

जमशेदपुर: डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में 2026 बैच के नए एमबीबीएस छात्रों के साथ कथित रैगिंग और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि 15 सीनियर छात्रों ने 8 जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग की। हालांकि एसडीएम अर्णव मिश्रा के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला सीधे रैगिंग के बजाय छात्रों के साथ दुर्व्यवहार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 1:30 बजे पीजी पुरुष छात्रावास में 2026 बैच के छात्रों के साथ सीनियर छात्रों द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा और गाली-गलौज की गई। घटना के बाद कई जूनियर छात्र छात्रावास से बाहर निकल आए और हंगामा करने लगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की।

शनिवार को एंटी रैगिंग कमेटी ने 2026 बैच के विद्यार्थियों के साथ 2024 और 2025 बैच के सीनियर छात्रों से पूछताछ की। इसके साथ ही छात्रावास में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की भी जांच की गई, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके।

शनिवार शाम एसडीएम अर्णव मिश्रा ने करीब तीन घंटे तक मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि घटना में रैगिंग हुई थी या छात्रों के साथ दुर्व्यवहार का मामला है। दोषी पाए जाने वाले छात्रों के खिलाफ निर्धारित एंटी रैगिंग गाइडलाइन के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

नियमों के तहत दोषी पाए जाने पर छात्रों पर 25 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक जुर्माना, परीक्षा से डिबार करने और छात्रावास से निष्कासन जैसी कार्रवाई की जा सकती है। प्रशासन ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था में सामने आने वाली कमियों को दूर करने की बात भी कही है।