जमशेदपुर: मद्रासी सम्मेलनी ने जरूरतमंद व मेधावी विद्यार्थियों को बांटे 2.33 लाख रुपये

Spread the love

जमशेदपुर: मद्रासी सम्मेलनी की ओर से शहर के जरूरतमंद और मेधावी स्कूली बच्चों की पढ़ाई में सहायता के लिए 2 लाख 33 हजार 300 रुपये की राशि वितरित की गई। बिष्टूपुर स्थित संस्था के सभागार में शुक्रवार को आयोजित 24वें पुस्तक अनुदान समारोह में शहर के 11 स्कूलों के विद्यार्थियों को सहायता राशि के चेक सौंपे गए। मुख्य अतिथि डीबीएमएस स्कूल के वित्त विभाग के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर ने विद्यार्थियों के बीच राशि का वितरण किया। उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक लगातार सहायता पहुंचाने के लिए मद्रासी सम्मेलनी के प्रयासों की सराहना की और अन्य संस्थाओं से भी इस दिशा में आगे आने की अपील की।

समारोह के दौरान पांच प्रोजेक्ट स्कूलों—बाल कल्याण विद्या मंदिर, डीबीएमएस लिलिपुट स्कूल, प्रेम ज्योति प्रांगण, ट्राइबल एजुकेशन मिशन और भारती विद्यालय—को भी 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अलावा कमजोर वर्ग के छह गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज के लिए 50 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता दी गई। कार्यक्रम में कुल 4 लाख 8 हजार 300 रुपये की राशि वितरित की गई।

मद्रासी सम्मेलनी की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने की परंपरा वर्ष 1992-93 में संस्था के प्लेटिनम जुबली वर्ष से चली आ रही है। संस्था का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में सहयोग देना है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष जी. शंकर, उपाध्यक्ष वी. नटराजन, सचिव एस. सुब्रमण्यम, कोषाध्यक्ष ए.आर. गोपालन समेत संस्था के अन्य पदाधिकारी और समिति सदस्य मौजूद रहे। अध्यक्ष एस. रमेश, उपाध्यक्ष शिव कुमार, सचिव एन. श्रीनिवासन, कोषाध्यक्ष के. राघवन, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार, केवी गोविंद, एस. श्रीनिवासन और प्रबंधक जी. रवि कुमार सहित अन्य सदस्यों ने भी समारोह में भाग लिया।