खगड़िया: पसराहा थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में महिला पुलिसकर्मी ने आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कुल 10.83 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में पटना में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान दुधैला गांव निवासी अमन राज से हुई थी। आरोप है कि वर्ष 2023 में उसकी इच्छा के विरुद्ध संबंध बनाए गए और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो तैयार किए गए। इसके बाद इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे रुपये लिए जाने लगे।


शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 से 1 अप्रैल 2026 के बीच फोटो-वीडियो डिलीट करने के नाम पर UPI के जरिए कुल 8.83 लाख रुपये लिए गए। बाद में मामला खत्म करने और फोटो-वीडियो हटाने के नाम पर महिला को पटना बुलाकर दो लाख रुपये और लेने का आरोप है। महिला के अनुसार, केस करने की चेतावनी देने के बाद 3.90 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि 6.93 लाख रुपये अभी बकाया हैं।
महिला ने आरोप लगाया है कि बकाया राशि मांगने पर उसे बदनाम करने की धमकी दी गई। शिकायत में गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। महिला ने बैंक खाते, UPI लेन-देन के स्टेटमेंट, रसीद और अन्य साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
शिकायत के अनुसार, लगातार दबाव और धमकी से परेशान होकर महिला ने 6 जुलाई 2026 को कोरचक्का निवासी सतीश कुमार से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार शादी कर ली। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी अमन राज की ओर से कथित दबाव और धमकी जारी रही।
पसराहा पुलिस बैंक खातों, UPI लेन-देन, मोबाइल और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी है। गोगरी एसडीपीओ चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि अनुसंधान जारी है और जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

