जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। सोनारी निवासी पूनम अरोड़ा ने अपने पति सनी अरोड़ा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पूनम ने आरोप लगाया है कि सनी अरोड़ा घर की अलमारी में रखे सोने के गहने, अमेरिकी डॉलर और ₹1.80 लाख नकद बिना बताए लेकर चले गए। शिकायत के अनुसार, सामान की कुल कीमत करीब ₹14 से 15 लाख बताई गई है।


पूनम अरोड़ा ने पुलिस को बताया कि अलमारी में रखी संपत्ति उनकी अपनी थी। इसमें सोने की चूड़ियां, अंगूठियां, चेन, लॉकेट समेत कई तरह के आभूषण शामिल थे। इसके अलावा अमेरिकी डॉलर और ₹1.80 लाख नकद भी अलमारी में रखे थे। आरोप है कि उनके पति इन सामानों को लेकर घर से चले गए।
शिकायत में पूनम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान अलमारी से सामान गायब होने की बात सामने आई। पूनम अरोड़ा सोनारी में Satin Pink नाम से ब्यूटी पार्लर चलाती हैं।
पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर सोनारी थाना में कांड संख्या 73/26 दर्ज किया है। मामला 9 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया और BNS की धारा 305(A) के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

