जमशेदपुर के MGM अस्पताल में शुक्रवार को दो मरीजों की मौत के बाद इलाज में लापरवाही के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को दोनों मामलों की जांच के बाद सर्जरी और शिशु रोग विभाग के कुल 8 डॉक्टरों को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है।


पहला मामला एडेलबेरा निवासी सुखराम टुडू की मौत से जुड़ा है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया था। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीज को सांस लेने में परेशानी थी और उनका फॉर्म गलती से सर्जरी विभाग में बना दिया गया था। डॉक्टरों के जवाब से प्रबंधन संतुष्ट नहीं हुआ, जिसके बाद सर्जरी विभाग के 6 डॉक्टरों को नोटिस दिया गया।
दूसरे मामले में शिशु रोग विभाग में एक मरीज की मौत हुई थी। परिजनों की शिकायत के बाद जांच में दो डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। दोनों को भी शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि सभी डॉक्टरों के जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। प्रबंधन ने इलाज में लापरवाही या ड्यूटी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करने की बात कही है।

