जमशेदपुर पूर्वी विधायक पूर्णिमा साहू ने कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लिए जमशेदपुर से सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर राउरकेला-टाटानगर से सहरसा, पूर्णिया और कटिहार के लिए नई ट्रेन चलाने का आग्रह किया है।


विधायक ने राउरकेला-टाटानगर-किऊल-मांसी-सहरसा-पूर्णिया-कटिहार के बीच दैनिक ट्रेन चलाने का सुझाव दिया है। इसके साथ ही ट्रेन संख्या 28181/28182 के रूट में बदलाव पर भी विचार करने की मांग की गई है।
पूर्णिमा साहू ने कहा कि कोसी और सीमांचल क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा, इलाज और कारोबार के लिए जमशेदपुर, टाटानगर, राउरकेला और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में आते-जाते हैं। सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण यात्रियों को कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों, छात्रों और मजदूरों को परेशानी होती है।
उन्होंने कहा कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से झारखंड, बिहार और ओडिशा के बीच आवागमन आसान होगा। इससे कारोबार और कृषि उत्पादों, खासकर मखाना के व्यापार को भी बढ़ावा मिल सकता है।

