जमशेदपुर में सड़क हादसा: गोलमुरी में बिजली पोल से टकराई बाइक, युवक की मौत

Spread the love

जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में 37 वर्षीय बाइक सवार सुशील शाह की मौत हो गई। हादसा पानी टंकी के पास हुआ, जहां बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुशील गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल सुशील शाह को ऑटो और PCR वैन से MGM अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक की पहचान उनके पास मिले PAN कार्ड के आधार पर की है। शव को MGM अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस अब मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, हादसा बाइक के अचानक अनियंत्रित होने के कारण हुआ। हालांकि, बाइक किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है